कोरोना का असर कम होने के बीच एक संक्रमित की मौत
महराजगंज। कोरोना का असर जिले में कम हुआ है। इस बीच केस मिलने की संख्या में कमी के साथ ही स्वस्थ होने वालों की संख्या में बढ़ोत्तरी हुई। जांच में तेजी लाने का प्रयास भी जारी है। वहीं, रविवार को कोरोना पॉजिटिव एक व्यक्ति की मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार कोविड प्रोटोकाल के अनुसार मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
जनपद में रविवार को एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाया गया। जबकि एक कोरोना संक्रमित की मौत हो गई। वहीं, जिले में सक्रिय केस की संख्या घटकर 3 हो गई है। अब तक कुल केस 12,431 हो चुके हैं। अब तक मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर 140 हो चुकी है। 12,287 लोगों ने अब तक कोरोना से जंग को जीत लिया है। राहत की बात है कि इन दिनों कोविड अस्पताल में कोरोना का कोई मरीज भर्ती नहीं है। जांच के बाद पॉजिटिव मिलने पर संक्रमितों को होम आइसोलेशन में रख दिया जा रहा है। महिला अस्पताल एवं केएमसी डिजिटल अस्पताल को कोविड अस्पताल बनाया गया है। वर्तमान में पॉजिटिव की संख्या में कमी होने के कारण महिला अस्पताल को टीकाकरण केंद्र बनाया गया है। रविवार को 1229 सैंपल जांच के लिए भेजा गया है।
उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आईए अंसारी ने बताया कि कोरोना से बचाव के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। प्रत्येक दिन अधिक से अधिक लोगों की जांच करने की कोशिश की जा रही है। अब तक 815308 सैंपल की जांच हो चुकी है जिसमें 801523 सैंपल निगेटिव मिले हैं। कांटेक्ट टेसिंग 195589 लोगों का हुआ। केस कम होने के बाद लोगों को सचेत करने की जरूरत है। सामाजिक दूरी का पालन करते हुए हर हाल में मास्क का प्रयोग करें।