रमेश नामक युवक से इंजेक्शन खरीद नेपाल बेचने जा रहा था निहाल, टीम ने दबोचा
दो व्यक्तियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
नौतनवा। पुलिस एवं एसएसबी की संयुक्त टीम ने शुक्रवार की रात क्षेत्र के सीमावर्ती गांव बैरिहवा स्थित अमलहवा पुल के पास से नशे के लिए इस्तेमाल की जाने वाली इंजेक्शन का खेप बरामद कर लिया। टीम ने इंजेक्शन के साथ बाइक सवार एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। थाने लाकर पूछताछ के बाद दो व्यक्तियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार अभियुक्त का न्यायालय चालान कर दिया, जहां से उसे जेल भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार की रात मुखबिर से सूचना मिली कि क्षेत्र के एसएसबी रोड, अमलहवा पुल बैरिहवा के रास्ते कुछ प्रतिबंधित दवाओं की तस्करी होने वाली है। सूचना के आधार पर थाने के वरिष्ठ उप निरीक्षक संजय कुमार एवं एसएसबी निरीक्षक सामान्य प्रदीप कुमार के नेतृत्व में जवानों की संयुक्त टीम ने चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। इसी बीच एक बाइक सवार युवक की गतिविधि संदिग्ध प्रतीत हुई। तलाशी लेने पर उसके पास से 75 एम्पुल प्रतिबंधित व नशे के उपयोग में लाए जाने वाला इंजेक्शन बरामद हुआ। पूछताछ में युवक ने अपना नाम निहाल अहमद निवासी वार्ड नं. रोहिणी-6, ललितपुर पकड़ियहवा, थाना पिपरहवा, जिला रूपनदेही नेपाल बताया। युवक ने बताया कि रमेश नामक एक व्यक्ति से इंजेक्शन की खरीदारी कर वह नेपाल में बेचने के लिए ले जा रहा था।
थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव ने बताया कि निहाल निवासी ललितपुर पकड़ियहवा, थाना पिपरहवा, जिला रूपनदेही राष्ट्र नेपाल एवं रमेश निवासी अज्ञात के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट में प्राथमिकी दर्ज किया गया है। गिरफ्तार निहाल का न्यायालय चालान किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।