देवी मंदिर में दर्शन-पूजन करते श्रद्धालु।
महराजगंज/फरेंदा। शारदीय नवरात्र के पहले दिन जिले के देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह चार बजे मंदिरों के पट खुलते ही मंदिरों में भक्तों की कतार लग गई। पूजन-अर्चन कर मां से मुरादें मांगी। इस दौरान भक्तों के जयघोष मंदिरों में गूंज रहे थे इससे माहौल भक्तिमय हो गया था। ये सिलसिला पूरे दिन देखने को मिला।
महराजगंज शहर में स्थित दुर्गा मंदिर, बोकड़ा देवी मंदिर, टिकुलहिया मंदिर, मां कुड़िया देवी मंदिर, फरेंदा दुर्गा मंदिर सहित नौतनवां की बनैलिया देवी मंदिर में भक्त दर्शन के लिए सुबह से ही कतार लगा कर खड़े रहे। फरेंदा क्षेत्र के लेहड़ा दुर्गा मंदिर में श्रद्धालु रात से ही पहुंचना शुरू हो गए। गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, सिद्धार्थनगर, संतकबीरनगर सहित आसपास के जिलों श्रद्धालु मां के दर्शन के लिए उमड़े।