पेट्रोल पंपों के आए दिन सूखा रहने से अफवाहों को हवा, जमाखोरी की मची होड़
नौतनवा। क्षेत्र में समय-समय पर पेट्रोल पंपों के ड्राई होने से आम जनमानस में ऊहापोह की स्थिति है। विगत एक सप्ताह में दो दो-दो दिन पेट्रोल पंप सूखने की वजह से लोग ईंधन के लिए परेशान थे। बृहस्पतिवार को दो दिन बाद पंपों पर पेट्रोल पहुंचने की सूचना मिलते ही एकाएक लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। देर शाम तक पेट्रोल लेने के लिए लोगों का हुजूम उमड़ा रहा।
बता दें कि गत दो दिन पूर्व नौतनवा क्षेत्र के अधिकांश पंपों पर पेट्रोल समाप्त हो गया था। जिससे वहां पहुंचने वाले लोगों को निराश लौटना पड़ा और पूरे दिन पंप पर सन्नाटा पसरा रहा। पंप स्वामियों का कहना है कि खपत के सापेक्ष पर्याप्त मात्रा में ऊपर से ही तेल की आपूर्ति न मिल पाने के कारण पंप ड्राई हो जा रहे हैं। बता दें कि आए दिन पंप ड्राई मिलने की स्थिति लोगों में तेल कमी के भ्रम को हवा दे रही है। यही कारण है कि बड़ी संख्या में लोगों के बीच पेट्रोल और डीजल एडवांस में लेकर रखने की होड़ मची हुई है।