महराजगंज। सिंदुरिया थाना क्षेत्र के बरवां कला गांव में फेसबुक लाइव के दौरान ब्राह्मण समाज के प्रति अपमानजनक टिप्पणी करने का मामला सामने आया है। मामले में चिउटहां चौकी प्रभारी सारिका सिंह की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बरवां कला गांव निवासी विशाल भारती ने बुधवार को होली के दिन किसी निजी रंजिश के चलते फेसबुक पर लाइव आकर ब्राह्मण समाज के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया। वीडियो वायरल होने के बाद ग्राम पंचायत में तनाव की स्थिति बन गई। बृहस्पतिवार को सूचना मिलने पर चिउटहां चौकी प्रभारी सारिका सिंह गांव पहुंचीं, जहां ग्रामीणों ने उन्हें संबंधित वीडियो दिखाया। ग्रामीणों ने वीडियो में दिख रहे व्यक्ति की पहचान विशाल भारती पुत्र सुरेश भारती, निवासी बरवां कला के रूप में की। इस संबंध में चौकी प्रभारी ने रिपोर्ट थाना सिंदुरिया को भेजी। थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।