संसाधन व कर्मियों की कमी से जूझ रहे अग्निशमन केंद्र, कैसे बुझेगी आग
महराजगंज। गर्मी का मौसम प्रारंभ हो चुका है, गर्म हवाएं भी चलने लगी हैं। ऐसे मेें अब जिले में अग्निकांड होने पर उसे प्रभावी ढंग से काबू करने में मुश्किल खड़ी हो सकती है। जिले के अग्निशमन केंद्र संसाधन व कर्मचारियों की कमी से जूझ रहे हैं।
जिले में धनेवा तथा सिसवा बाजार में पहले से ही अग्निशमन केंद्र संचालित हैं, जबकि निचलौल तहसील क्षेत्र मेें एक केंद्र निर्माणाधीन है। फरेंदा व नौतनवा तहसील में भूमि मिलने के बाद भी अभी तक वहां पर केंद्र का निर्माण प्रारंभ नहीं हो सका है। जिसके कारण पूरे जिले में आग से बचाव के लिए प्रबंध धनेवा व सिसवा केंद्र के वाहनों व कर्मियों के भरोसे ही होता है। जिले में वाहनों की उपलब्धता पर नजर डालें तो तीन वाटर टेंडर (बड़े वाहन), तीन वाटर मिस्ट वाहन (400 लीटर क्षमता वाले) तथा तीन बोलेेेेरो कैंपर (पंप के साथ) उपलब्ध हैं। ये नौ वाहन जिले की आवश्यकता को देखते हुए नाकाफी हैं। 12 ब्लॉक वाले इस जिले में यदि किसी वजह से एक समय में कई जगहों पर आग लग गई तो क्षति को रोक पाना मुश्किल होगा। आग से बचाव के लिए जिम्मेदारों को संसाधनों की व्यवस्था को और मजबूत बनाना होगा।
अग्निशमन केंद्र में स्वीकृत पद के सापेक्ष कर्मियों की तैनाती की स्थिति
पदनाम-----------------------स्वीकृत पद---------तैनात------------रिक्त
मुख्य अग्निशमन अधिकारी-----1------------------0----------------1
अग्निशमन अधिकारी-----------3------------------0-----------------3
द्वितीय अग्निशमन अधिकारी----3-----------------1-----------------2
लीडिंग फायरमैन----------------9------------------8-----------------1
फायरमैन-----------------------69-----------------57----------------12
चालक---------------------------9------------------3-----------------6
इन स्थानों पर वाहन के साथ तैनात रहकर व्यवस्था संभालेंगे कर्मी
आग की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अग्निशमन विभाग ने महराजगंज, फरेंदा व नौतनवा में एक-एक फायर टेंडर तैनात करने की योजना बनाई है। वहीं वाटर मिस्ड एक-एक वाहन को श्यामदेउरवा, महराजगंज व सिसवा तथा बोलेरो कैंपर को सिसवा, महराजगंज व निचलौल में तैनात करने की व्यवस्था की गई है। सूचना मिलने पर आसपास के स्थलों पर यहीं से वाहनों को भेजा जाएगा।
------------------------------------
आग से बचाव के लिए इन नंबरों पर दें सूचना
जिले में कहीं भी आग लगने पर आमजन अग्निशमन विभाग के नियंत्रण कक्ष के मोबाइल नंबर 9454418796, अग्निशमन अधिकारी के मोबाइल नंबर 9454418795, अग्निशमन विभाग सिसवा के मोबाइल नंबर 9454418798 के साथ ही 112 नंबर तथा संबंधित थाने के प्रभारी के मोबाइल नंबर पर भी सूचना दी जा सकती है।
-----------------------------------
आग की घटनाओं से निपटने के लिए विभाग पूरी तरह तत्पर है। उपलब्ध संसाधनों के मुताबिक कर्मियों को जिम्मेदारी भी दे दी गई है। आमजन घटनाओं की सही सूचना उपलब्ध कराएं।
वीरसेन सिंह, प्रभारी अग्निशमन अधिकारी