महराजगंज। बिना फिटनेस संचालित स्कूल वाहन अब ब्लैक लिस्टेड कर दिए जाएंगे। सोमवार को परिवहन विभाग की राज्य स्तरीय बैठक में गए एआरटीओ को इसके स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। जनपद में लगभग 100 स्कूल वाहनों को पिछले दिनों गैर फिटनेस की में नोटिस जारी की जा चुकी है।
स्कूल वाहनों की सुरक्षा पर शासन का विशेष ध्यान है। ऐसे में बिना फिटनेस संचालित स्कूल वाहनों पर कार्रवाई प्रक्रिया 20 जुलाई से प्रारंभ है। गैर फिटनेस संचालित स्कूल वाहनों को लेकर परिवहन आयुक्त की तरफ से बेसिक शिक्षा अधिकारी व जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय को पत्र भी जारी किया गया।
बेसिक ने 74 स्कूलों व खंड शिक्षा अधिकारियों को नोटिस भेजकर चेतावनी दी और तय मानक पूर्ण कर स्कूल वाहन संचालन के निर्देश जारी किया गया लेकिन कितने स्कूल वाहनों ने इसका पालन किया इसकी कोई सूचना नहीं मिल सकी। परिवहन आयुक्त की तरफ से एआरटीओ को स्पष्ट निर्देश हैं कि कवायदों के बाद भी फिटनेस न कराने वाले स्कूल वाहनों को ब्लैक लिस्टेड करते हुए कार्रवाई की जाए। एआरटीओ मनोज कुमार सिंह ने कहा कि राज्य मुख्यालय पर हुई आयुक्त स्तरीय समीक्षा में बिना फिटनेस संचालित स्कूल वाहनों को ब्लैक लिस्टेड करने के निर्देश मिले हैं। बैठक से लौटकर सूची की जांच कर आदेश का अनुपालन किया जाएगा। पहली अगस्त को 100 स्कूल वाहनों को नोटिस दिया गया था।