महराजगंज। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के मद्देनजर जनपद में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य प्रभावी है। इस दौरान चुनाव आयोग ने सूची में परिवार के सभी मतदाताओं का नाम एक ही स्थान पर करने के निर्देश दिए हैं।
निर्देश क्रम में एडीएम ने निर्देशों से अवगत कराते हुए अनुपालन प्रभावी किया है। मतदाता सूची में परिवार के सदस्यों के नाम में बिखराव मतदान के दिन परेशान करता है। एक जगह नाम न मिलने पर कई बार मतदाता भ्रमित होकर मतदान से वंचित रह जाते हैं। इस भटकाव को रोकने के लिए चुनाव आयोग ने निर्देश जारी किए हैं। एडीएम की तरफ से समस्त एसडीएम को आदेश भेजकर बीएलओ को अवगत कराने का निर्देश है। इसमें कहा गया है कि एक ही घर में रहने वाले परिवार के सदस्यों के नाम सूची में एक स्थान पर लिखे जाएं। परिवार के मुखिया नाम के बाद अन्य सदस्यों के नाम क्रमबद्ध रूप से दर्ज हो। यदि कोई साधु, मठवासी, मठवासिनी अपना वास्तविक पता नहीं दर्शाना चाहता तो गुरु या धार्मिक संस्थान का नाम भी पर्याप्त होगा।