घुघली। जिले की सीमा के अंतिम छोर पर स्थित इंदरपुर से महराजगंज के लिए बस सेवा नहीं है। बस नहीं चलने से लोगों को जिला मुख्यालय तक पहुंचने में दुश्वारियां झेलनी पड़ती है। क्षेत्र के लोगों ने बस चलाने की मांग परिवहन मंत्री को पत्र भेजकर की है।
जानकारी के अनुसार, 50 गांवों में ग्राम सभा बारी गांव, पकड़ियार बिशुनपुर, हरखा, हरखी, प्यास, नेबुईया, बड़हरा , चौमुखा सहित लगभग 30 से 40 हजार की आबादी पांच दशक से परेशान है। क्षेत्र के अजीत कुमार सिंह, राम निवास सिंह, अजय कुमार सिंह, अश्वनी कुमार श्रीवास्तव ने समस्या को लेकर परिवहन मंत्री को पत्र भेजकर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की। पूर्व प्रधान विधा सिंह ने कहा कि महराजगंज पहुंचने के लिए ज्यादा रुपये खर्च करने पड़ जाते हैं और ज्यादा समय भी लग जाता है।
चंद्रशेखर सिंह ने कहा कि यह गांव महराजगंज जनपद के अंतिम गांव है। जिले पर यदि किसी कार्य से जाना पड़ता है तो तीन बार साधन बदलना पड़ता है। ज्यादा किराया भी लग जाता है। राम प्रवेश व रघुपति सिंह ने कहा कि सरकारी बस यहां से छह किलोमीटर दूर जखीरा चौराहे पर जाकर पकड़नी पड़ती है। वह भी नियमित नहीं है। एआरएम सर्वजीत वर्मा ने बताया कि समस्या का समाधान कराने के लिए प्रयास किया जाएगा।
33 किमी के लगते हैं 100 रुपये
लोगों को बारीगाव, जखीरा चौराहा, भुवनी, घुघली होते हुए महराजगंज 33 किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ता है। इसके लिए लगभग 100 रुपये किराया लग जाता है।