नेपाल में महिला की हत्या कर डंडा नदी में फेंका
नौतनवां। नेपाल में महिला की हत्या कर भारतीय क्षेत्र में डंडा नदी के पुल के नीचे बोरे में रखकर शव को फेंक दिया। गुरुवार शाम को शव मिलने पर नेपाल एवं भारतीय पुलिस इस मसले को लेकर चर्चा करती रही। भारत एवं नेपाल के अधिकारी वार्ता करने के बाद शव को नौतनवां पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नेपाल के मधुबनी थाने के इंस्पेक्टर टीके ढकाल ने बताया कि सीमा यादव 23 निवासी खजहनी कोटही माई वार्ड नंबर नौ नेपाल को लापता होने की मौखिक सूचना बुधवार को मिली थी। सूचना के बाद इस दिशा में जांच को आगे बढ़ाया गया तो सीमा की सास, ननद एवं देवर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई। उसका पति रामऔतार फरार है। उसकी तलाश की जा रही है। देवर से पूछताछ में पूरी कहानी सामने आ गईं। उसकी निशानदेही पर गुरुवार शाम को अराजी सरकार उर्फ बैरियहवां गांव के पास डंडा नदी पुल के नीचे बोरे में रखा गया, सीमा यादव का शव भारतीय पुलिस की मदद से निकाला गया। शव भारतीय क्षेत्र में होने के कारण शव को नौतनवां पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका सीमा यादव का मायका महराजगंज जिले के फरेंदा थाना क्षेत्र के जमुहरा निरनाम पूर्वी गांव में है। उसके पिता जयराम यादव एवं मां का रो रो कर बुरा हाल है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद कार्रवाई नेपाल पुलिस करेगी।
सीओ नौतनवां राजू कुमार साव ने बताया कि नेपाल पुलिस की लिखित सूचना के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। रिपोर्ट आने के बाद नेपाल पुलिस को सौंप दिया जाएगा।