नौतनवा क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती के विरोध में बृहस्पतिवार को क्षेत्रीय लोगों ने बिजली ऑफिस के सामने कई घंटे तक धरने पर बैठे रहे। इस दौरान बिजली विभाग के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। धरना स्थल पर पहुंचे एसडीओ बिजली राजनरायण को एक ज्ञापन पत्र सौंपकर बिजली कटौती बंद करने की मांग की।
भाजपा नेता जितेंद्र जायसवाल ने कहा कि लगभग पचास हजार की आबादी वाला नगर भारत नेपाल की अंर्तराष्ट्रीय सीमा से जुड़ा हुआ है। यहां से हर रोज सैकड़ों विदेशी पर्यटकों के साथ अधिकारियों का आना जाना लगा रहता है। प्रदेश सरकार द्वारा तहसील मुख्यालयों पर सोलह घंटे बिजली देने का निर्देश है।
लेकिन यहां पर दिन-रात मिलाकर महज पांच से छह घंटे बिजली की सप्लाई दी जा रही है। इसकी शिकायत बिजली विभाग के स्थानीय से लेकर आला अधिकारियों से कई बार की जा चुकी है। लेकिन इसके बावजूद बिजली कटौती में कोई सुधार नहीं किया गया।
क्षेत्रीय लोग सुबह दस बजे से धरने पर बैठ गए थे। दोपहर तीन बजे धरना स्थल पर पहुंचे एसडीओ राजनरायण को सौंपे ज्ञापन में उनकी मांग थी कि शासन द्वारा निर्देशित सोलह घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित किया जाए। नौतनवा विद्युत स्टेशन पर निर्माणाधीन तहसील पावर हाउस के निर्माण की अवधि मार्च 2016 थी।
इसका निर्माण कार्य अभी तक पूरा नहीं हो पाया। उसे जल्द पूरा कर विद्युत आपूर्ति बेहतर कराया जाए। रात्रि में बिजली कटौती पूरी तरह बंद किया जाए। नगर में लो वोल्टेज की समस्या का तत्काल समाधान किया जाए। आपूर्ति के शेड्यूल टाइम में लोकल फाल्ट को तत्काल ठीक किया जाए। इसके बाद एसडीओ के आश्वासन के बाद लोगों का धरना समाप्त हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल प्रतिनिधि सीताराम जायसवाल एवं संचालन अजय कुमार श्रीवास्तव ने किया।
इस मौके पर रेवेन्यू बार एसोसिएशन अध्यक्ष राजेश श्रीवास्तव, दयाराम जायसवाल, बैजू वर्मा, चत्तर सिंह, बजरंगदेव पांडेय, विन्याचल अग्रहरी, जयप्रकाश जायसवाल, नियाज अहमद, सुनील त्रिपाठी, मुनेश चंद, ईश्वर जायसवाल, दिलीप वर्मा मौजूद रहे।