पुल पर बैठा युवक धोबहा नाला में गिरा, मौत
निचलौल(महराजगंज)। थाना क्षेत्र के बहुआर गांव के निकट कनमिसवां मार्ग स्थित धोबहा नाला पुल पर बैठा एक युवक अचानक चक्कर आने के कारण पुल से नाला के गहरे पानी में गिर गया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची बहुआर पुलिस द्वारा शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया।
बहुआर निवासी युवक पन्नेलाल पासवान (35) शुक्रवार शाम को खेत में काम करने के लिए गए हुए थे। खेत से काम कर देर रात पन्नेलाल वापस घर लौट रहे थे। इसी बीच उनको थकान महसूस होने लगी। जिनके कारण युवक कनमिसवां मार्ग स्थित धोबहा नाला पर बने पुल पर बैठकर आराम करने लगे। लेकिन युवक को इस दौरान अचानक चक्कर आ गया जिससे पुल से गहरे पानी में गिर गया। रात होने के कारण मौके पर आसपास कोई नहीं दिखा, जिससे युवक पन्नेलाल की मौके पर मौत हो गई।
पन्नेलाल की तीन बेटियां सोनी (14) पुनीता (10) गरिमा (4) की हैं। युवक की मौत के बाद तीनों बच्चियों व पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। बहुआर पुलिस चौकी इंचार्ज आरके सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद मृतक युवक पन्नेलाल की शव को नाला से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पन्नेलाल के परिजनों से तहरीर नहीं मिली है।