भिटौली। अतिरिक्त दहेज की लालच में सास-ससुर ने बीते सोमवार को बहू को मार-पीटकर घायल कर दिया। मामले में पीड़िता की मां की तहरीर पर सास और ससुर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई है।
गोरखपुर जनपद के पीपीगंज कस्बा निवासी रूपा ने भिटौली थाना क्षेत्र के बिशुनपुरा निवासी दयाशंकर उर्फ संतोष व उसके मां-बाप पर दहेज उत्पीड़न सहित मारपीट की प्राथमिकी दर्ज कराई है। रूपा ने बताया कि तीन साल पहले बेटी शालू की शादी दयाशंकर उर्फ संतोष से की थी। शादी के कुछ समय बाद ही पति सहित सास-ससुर अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे। बेटी के असमर्थता जताने पर सभी लोग मेरी बेटी को गाली देकर मारने-पीटने लगे। काफी दिन तक मेरी बेटी ससुरालियों की प्रताड़ना सहती रही। बीते सोमवार को लड़की के सास ससुर ने मारा-पीटा। बेटी का पति संतोष विदेश में है और वहीं से फोन पर लड़की को छोड़ने की धमकी दे रहा है। थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्र ने बताया कि आरोपी दयाशंकर उर्फ संतोष, ससुर चन्द्रिका व सास बेचनी देवी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।