महराजगंज जिले के नौतनवां थानाक्षेत्र के ग्राम सभा बैजनाथपुर उर्फ चरका में सोमवार को दो वर्षीय मासूम की हुई मौत के मामले में आरोपी मां को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि मां ने रस्सी से गला घोंटकर दो वर्षीय बेटी की हत्या कर दी थी।
बुधवार को नौतनवां थाने में घटना का पर्दाफाश करते हुए प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि मासूम अनुष्का उर्फ रोशनी के पिता जयप्रकाश ने थाने में तहरीर देकर पत्नी ज्योति पर बेटी की गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगाया था। आरोप के आधार पर ज्योति को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उधर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मासूम की गला घोंटने से मौत होने की पुष्टि हुई।
उन्होंने बताया कि पूछताछ में महिला ने बताया कि ससुराल वाले आए दिन किसी न किसी बात को लेकर उसे कोसते थे। घटना वाले दिन भी उसका पति से विवाद हो गया था। इस बात से आवेश में आकर उसने दो वर्षीय मासूम पुत्री का रस्सी से गला घोंट दिया। इससे उसकी मौत हो गई।
महिला ने बताया कि उसने पुत्री के बाद खुद भी जान देने की कोशिश थी, लेकिन तब तक घर के अन्य सदस्य पहुंच गए। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि आरोपित महिला ज्योति निवासी बैजनाथपुर उर्फ चरका के खिलाफ हत्या की धारा के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय चालान किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।