अर्पित की मौत की सुनकर दरवाजे पर लगी भीड़।
मधुबनी गांव में घर के बेड पर सो रहे थे मां-बेटा, मां की हालत भी गंभीर
मिठौरा। कृष्ण जन्माष्टमी की रात में मधुबनी गांव में बेड पर सो रहे मां-बेटे को जहरीले सांप (करैत) ने डंस लिया। परिजन दोनों को लेकर जिला चिकित्सालय पहुंचे। चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद अर्पित यादव (14) पुत्र कृष्णमुरारी यादव की मौत हो गई। वहीं उसकी मां की हालत भी गंभीर बनी हुई है।
चौक थाना क्षेत्र के मधुबनी गांव निवासी कृष्ण मुरारी यादव का परिवार जन्माष्टमी की रात घर में सो रहा था। रात में बेड पर सो रहे अर्पित (14) और उसकी मां सुगंधा (40) को सांप ने डंस लिया। सर्पदंश का पता चलते ही घर में चीख-पुकार मच गई। परिजन बिना समय गंवाए दोनों को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों ने अर्पित को मृत घोषित कर दिया। अर्पित दो भाइयों में छोटा था।
गूंज रहे थे कृष्ण जन्म के सोहर, बुझ गया घर का चिराग
मधुबनी गांव में जन्माष्टमी को लेकर धार्मिक माहौल था। मंदिरों और घरों में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की तैयारियां चल रही थीं। कहीं सोहर गूंज रहे थे तो कहीं भक्ति गीतों से वातावरण भक्तिमय था। इसी खुशी के माहौल के बीच अर्पित के घर से उठी चीखों ने पूरे गांव को गम में डुबो दिया। एक तरफ लोग भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की खुशी मना रहे थे दूसरी तरफ अर्पित अंतिम सांसें गिन रहा था। मां सुगंधा जिंदगी के लिए जूझ रही है। उसे तो पता भी नहीं है कि उसका बेटा अब इस दुनिया में नहीं रहा।