ईंट भट्टे पर मजदूरी करके परिवार का गुजारा करते थे प्रेमसागर
शाम को साइकिल से घर लौटने के दौरान हुआ हादसा
मिठौरा। चौक थाना क्षेत्र के टीकर गांव में शनिवार की शाम बिजली गिरने से 38 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मची चीख-पुकार मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, टीकर गांव निवासी प्रेमसागर गुप्ता (38) पुत्र कैलाश गुप्ता चार भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। वह रोजी-रोटी के लिए भुलना स्थित एक ईंट-भट्ठे पर काम करते थे। शनिवार शाम वह साइकिल से घर लौट रहे थे। अभी वह सोनबरसा पुल के आसपास पहुंचे ही थे कि अचानक मौसम ने करवट ली और तेज गरज के साथ आकाशीय बिजली उनके ऊपर आ गिरी। बिजली की चपेट में आते ही प्रेमसागर साइकिल समेत सड़क किनारे गिर पड़े।
ग्रामीणों ने आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जगदौर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। इस बाबत थाना प्रभारी मनीष पटेल ने बताया कि सूचना प्राप्त होने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उक्त व्यक्ति को एम्बुलेंस से स्वास्थ्य केंद्र जगदौर पहुंचाया। मौत की पुष्टि होने पर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पत्नी छोड़कर चली गई, तीन बच्चों की जिम्मेदारी अकेले उठाई
प्रेमसागर की जिंदगी पहले ही संघर्षों से भरी थी। शादी के कुछ समय बाद ही उनकी पत्नी उन्हें छोड़कर चली गई। इसके बाद उन्होंने अकेले ही अपने तीन बच्चों की परवरिश का जिम्मा उठाया। बेटी साधना और बेटे मोहित और नवरतन अभी ठीक से दुनियादारी समझ भी नहीं पाए हैं कि उनके सिर से पिता का साया उठ गया। मेहनत-मजदूरी करने वाले प्रेमसागर के लिए उनके बच्चे ही जिंदगी का सहारा थे। पिता की मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। बड़ी बेटी साधना और दोनों छोटे बेटे मोहित व नवरतन का रो-रोकर बुरा हाल है। बच्चों की हालत देखकर वहां मौजूद ग्रामीण भी खुद को संभाल नहीं सके।