महराजगंज। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक रविवार को कलक्ट्रेट सभागार में हुई। जननी सुरक्षा योजना, मातृ-शिशु मृत्यु दर, टीकाकरण, वीएचएसएनडी, एनसीडी, संभव अभियान, आयुष्मान कार्ड, क्षय रोग उन्मूलन की समीक्षा हुई।
जिलाधिकारी ने कहा कि टीकाकरण में बैकलॉग के संदर्भ में विस्तृत आख्या प्रस्तुत करें और बैकलॉग समाप्त करते हुए यू-विन पोर्टल को अद्यतन करने का निर्देश दिया। टीकाकरण बेहद अहम कार्यक्रम है और शत प्रतिशत बच्चों का टीकाकरण सुनिश्चित करें।
सरकारी स्वास्थ्य इकाइयों में जन्मे शत-प्रतिशत बच्चों को बीसीजी का टीका लगवाते हुए मंत्रा एप पर फीडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ई-संजीवनी कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए टेली कंसल्टेशन के प्रति सीएचओ न्यूनतम 06 टेली कंसल्टेंसी और प्रति मेडिकल ऑफिसर 10 टेली कंसल्टेंसी सुनिश्चित करें।
ओपीडी की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी सीएचओ नियमित ओपीडी करें। जिलाधिकारी ने गर्भवती महिलाओं के संस्थागत प्रसव के मामले में जनपद का औसत राज्य से कम होने पर नाराजगी व्यक्त की और संस्थागत प्रसव को बढ़ाने के निर्देश दिए। नौतनवा, सदर, सिसवा और पनियरा में संस्थागत प्रसव संतोषजनक न होने पर संबंधित एमओआईसी को चेतावनी निर्गत करने के निर्देश दिए। अल्ट्रासाउंड सेंटर से ई-वाउचर के संबंध में रिपोर्ट प्राप्त कर ई-वाउचर के उपयोग की प्रगति से अवगत कराएं। संभव अभियान की समीक्षा करते हुए पोषण ट्रैकर पर पंजीकृत लाभार्थियों का डेटा ई कवच पर अद्यतन करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने 70 वर्ष से अधिक आयु के शत प्रतिशत लोगों का आयुष्मान कार्ड बनवाने के निर्देश दिए। उन्होंने इसके लिए विशेष कैंप भी आयोजित करवाने के लिए सीएमओ को निर्देशित किया। टीबी उन्मूलन कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए टीबी रोगियों की पहचान हेतु स्पूटम जांच को बढ़ाने के निर्देश दिए। इस दौरान सीएमओ डॉ. श्रीकांत शुक्ला, एसीएमओ डॉ. राजेंद्र प्रसाद, डाॅ. राकेश कुमार, समस्त एमओआईसी, क्षय रोग अधिकारी डॉ. विरेन्द्र आर्या उपस्थित रहे।