चुनाव आचार संहिता का कड़ाई से कराएं पालन : सीडीओ
महराजगंज। उत्तर प्रदेश विधान परिषद गोरखपुर-महराजगंज स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र को सकुशल संपन्न कराना हमारी जिम्मेदारी है। निर्वाचन प्रक्रिया को बेहतर ढंग से कराने के लिए नामित जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट आचार संहिता का कड़ाई से अनुपालन कराएं। इसमें किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।
ये बातें मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट की बैठक में प्रभारी अधिकारी कार्मिक गौरव सिंह सोगरवाल ने कहीं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन के लिए सभी 12 ब्लॉकों में बने बूथों पर निर्वाचन की अधिसूचना, प्रत्याशियों की सूची एवं मतदान के लिए निर्धारित प्रक्रिया से संबंधित जानकारी को अवश्य चस्पा कराएं। सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत सेक्टर मजिस्ट्रेट पुलिस अधिकारियों से समन्वय स्थापित करें। मतदान के लिए बने बूथों के 200 मीटर के दायरे में सिर्फ पात्र व्यक्ति ही प्रवेश के लिए अनुमन्य होंगे। बूथ के अंदर किसी को शस्त्र व मोबाइल ले जाने की मंजूरी नहीं दी जाएगी। इससे पूर्व जिला विकास अधिकारी जगदीश त्रिपाठी व परियोजना निदेशक आरके पाल ने भी निर्वाचन से जुड़ी जानकारी दी। इस दौरान सभी जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात रहे।
पहचान सुनिश्चित करने के बाद ही मतदान कराएं कार्मिक
प्रभारी अधिकारी कार्मिक ने पीठासीन व मतदान अधिकारियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि वे प्रत्येक मतदाता की पहचान सुनिश्चित करने के बाद ही मतदान की अनुमति दें। अशिक्षित व अक्षम मतदाताओं को नियमानुसार सहायक लेने की अनुमति दें। सभी पोलिंग पार्टियों के जिम्मेदार दोपहर चार बजे से पूर्व किसी भी दशा में मतदान केंद्र नहीं छोड़ें। उन्होंने निष्पक्ष व पारदर्शी तरीके से मतदान कराने की बात कही।