महराजगंज। भारत से नेपाल ले जाई जा रही 9.5 लाख रुपये कीमत की मोबाइल एसेसरीज नवलपरासी पुलिस ने बरामद किया है। गश्त के दौरान पुलिस को देख चालक पिकअप सड़क किनारे सामान छोड़कर भाग गया। तलाशी में वाहन से 44,300 पीस टेंपर्ड ग्लास, 930 मोबाइल कवर और प्लास्टिक का बैग मिला। पुलिस ने बरामद सामान को महेशपुर कस्टम कार्यालय को सौंप दिया है।
जिला पुलिस कार्यालय नवलपरासी के सूचना अधिकारी डीएसपी मदन थापा ने बताया कि गश्ती टीम ने लु 3 च 2939 नंबर की पिकअप को संदिग्ध परिस्थितियों में देखा। पुलिस को देखते ही चालक वाहन छोड़कर भाग गया। तलाशी के दौरान पिकअप से 44,300 पीस टेंपर्ड ग्लास बरामद हुए। इसके अलावा करीब 93 हजार रुपये कीमत के 930 मोबाइल कवर और करीब दो हजार रुपये कीमत का एक प्लास्टिक का बैग भी मिला। पुलिस के अनुसार मोबाइल एसेसरीज को आवश्यक सीमा शुल्क प्रक्रिया पूरी किए बिना भारत से नेपाल ले जाया जा रहा था। बरामद सामान को महेशपुर कस्टम कार्यालय के सुपुर्द कर दिया गया है। चालक के फरार होने के बाद पुलिस उसकी पहचान और तलाश में जुटी है। साथ ही बरामद मोबाइल एसेसरीज के वास्तविक मालिक का भी पता लगाया जा रहा है।