महराजगंज। अमरूतियां मोहल्ले में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा की उंगली शरारती तत्वों ने तोड़ दी। इससे लोग भड़क उठे। आरोपियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर प्रतिमा के सामने धरने पर बैठ गए। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें शांत कराया।
नगर के अमरूतिया वार्ड में प्राथमिक विद्यालय के पास डाॅ. भीमराव आंबेडकर और गौतम बुद्ध की प्रतिमा स्थापित है। यहां लोग पूजा पाठ भी करने आते हैं। रविवार सुबह जब लोग पहुंचे तो आंबेडकर की मूर्ति की एक उंगली टूटी थी। इसकी जानकारी मिलने पर भीड़ जुट गई। गांव की महिलाओं ने प्रतिमा के सामने धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर सदर एसडीएम दिनेश कुमार मिश्रा, सदर सीओ आभा सिंह व तहसीलदार राजेश यादव पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे। कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया। मौके पर पहुंची नगर पालिका अध्यक्ष डाॅ. पुष्प लता मंगल ने कहा कि आरोपितों को चिह्नित कर मामले में कार्रवाई की जाए।
क्षेत्राधिकारी सदर आभा सिंह ने बताया कि आंबेडकर की मूर्ति खंडित करने के मामले में मौके पर लोगों को समझा बुझाकर शांत करा दिया गया है। खंडित मूर्ति की मरम्मत कराई जाएगी। तहरीर के अनुसार कार्रवाई होगी।