सिसवा बाजार। महात्मा गांधी इंटर कॉलेज के मैदान में अटैक फुटबाल क्लब के तत्वावधान में चल रहे ठा. शिवकुमार सिंह स्मारक फुटबाल प्रतियोगिता के फाइनल में कोलकत्ता क्लब कोलकाता ने नार्दन यूनाइटेड क्लब दिल्ली को 1-0 से हराकर ट्राॅफी पर कब्जा किया। मुख्य अतिथि डॉ पंकज तिवारी व हनुमान जायसवाल ने विजेता टीम को ट्राॅफी दिया।
रविवार को खेले फाइनल मैच के पहले हाफ में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने आक्रामक रणनीति के साथ शुरुआत करते हुए एक दूसरे के गोलपोस्ट पर लगातार प्रहार किया। जहां दक्षिणी छोर पर दिल्ली के गोलकीपर आशुतोष ने 19वें मिनट में शानदार मैदानी प्रयास को विफल किया तो उत्तरी छोर पर कोलकाता के गोलकीपर साजिद ने 32वें मिनट में तेज शाट व दूसरे हाफ के 38वें मिनट में दिल्ली टीम के सामूहिक प्रयास को रोककर खूब वाहवाही लूटी।
दूसरे हाफ के शुरुआत से ही कोलकाता के खिलाड़ी उस्मान का दर्शकों ने उत्साहवर्धन किया। कलकत्ता के जर्सी नंबर 11 कासिम ने 34वें मिनट में उस्मान के शानदार पास पर मैदानी गोलकर अपनी टीम को 1-0 से आगे कर दिया जो अंत तक बना रहा। दिल्ली की टीम कोई गोल नहीं कर सकी। कोलकाता ने 1-0 के अंतर से मैच जीतकर ट्राॅफी पर कब्जा कर लिया। बेस्ट गोलकीपर कोलकाता के साजिद व बेस्ट मिडफील्डर दीपक, डिफेंडर शानू, बेस्ट स्कोरर शाहमीर और प्लेयर ऑफ टूर्नामेंट कोलकाता के उस्मान को घोषित किया गया। मैच के कमेंटेटर संजय कुमार पांडेय, निर्णायक रहमतुल्लाह, मकसूद, लल्लन प्रसाद, प्रभात मिश्रा मौजूद रहे।