अस्पताल में समय से आएं और मरीजों का बेहतर इलाज करें : संजीव
महराजगंज। अस्पताल में समय से उपलब्ध रहते हुए चिकित्सक मरीजों का इलाज करना सुनिश्चित करें। शासन की मंशा के अनुसार गरीबों व बीमार लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मुहैया कराई जाए। किसी प्रकार से शिकायत की स्थिति न आए।
ये निर्देश प्रदेश के समाज कल्याण मंत्री संजीव कुमार गोंड ने बुधवार को जिला अस्पताल के निरीक्षण के दौरान कही। उन्होंने जेई व एईएस वार्ड, पीकू वार्ड, इमरजेंसी वार्ड, ओपीडी का निरीक्षण कर उनका हाल जाना तथा व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को निर्देशित किया कि मरीजों के इलाज में किसी भी स्तर से कोई दिक्कत न होने पाए। दवाओं की भी पूरी उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाए। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एएम भाष्कर, डॉ. एवी त्रिपाठी और डॉ. पारितोष सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
-------
जल्द शुरू होगा समाज कल्याण विभाग का विद्यालय
समाज कल्याण मंत्री ने इसके बाद धनेवा में बने समाज कल्याण विभाग के विद्यालय व छात्रावास का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यों को देखते हुए देरी का कारण पूछा, जिस पर समाज कल्याण अधिकारी ने धन की कमी बताई। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही धन अवमुक्त करा दिया जाएगा। इसे जल्द शुरू कराने का कार्य होगा।
--------
वृद्धाश्रम में पहुंचे मंत्री, बुजुर्गों ने बताई विद्युत कटौती की समस्या
समाज कल्याण विभाग के मंत्री आनंदनगर स्थित आधारशिला वृद्धाश्रम भी पहुंचे, जहां पर बुजुर्गों ने उन्हें विद्युत कटौती की समस्या से अवगत कराया। समस्या जानने के बाद उन्होंने एसडीएम फरेंदा को समस्या समाधान के लिए निर्देशित किया। इस दौरान बुजुर्गों ने सोलर पैनल लगवाने की मांग की, जिस पर उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी को आवश्यक पहल करने को कहा। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल व जिला समाज कल्याण अधिकारी सुधीर पांडेय मौजूद थे।
समाज के अंतिम व्यक्ति के विकास के लिए सरकार प्रयासरत : मंत्री
फरेंदा। केंद्र व प्रदेश की सरकार समाज के सभी वर्गों के विकास के लिए कार्य कर रही हैं। शासन द्वारा संचालित योजना का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति को मिले, इसी सोच के साथ कार्य कर रही है। सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों को मिल रहा है कि नहीं, इसकी हकीकत जानने के लिए गांव तक सरकार पहुंच रही है। समाज का कोई भी व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे। यह बातें फरेंदा विकास खंड के भगवतनगर परसिया गांव के मनरेगा पार्क में बुधवार को आयोजित जन चौपाल में समाज कल्याण मंत्री संजीव कुमार गोंड ने कही।
समाज कल्याण मंत्री ने कहा कि सरकार ने उज्ज्वला योजना, सौभाग्य योजना, प्रधानमंत्री मुख्यमंत्री आवास योजना, आयुष्मान कार्ड योजना सहित अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। गांव को सुंदर व स्वच्छ बनाने के लिए घर-घर शौचालय का निर्माण कराया गया। साथ ही अमृतमान सरोवर योजना, मनरेगा पार्क, सुंदर पंचायत भवन, मिनी स्टेडियम सहित कई योजनाएं संचालित है। लोगों को सुचारु ढंग से बिजली मिले, इसका भी ध्यान सरकार रख रही है। राज्यमंत्री ने कहा गांव की सड़कें दुरुस्त हैं, मुख्य हाईवे से जोड़ने के लिए गांवों की सड़क को बेहतर बनाया जा रहा है। मुख्य विकास अधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने कहा कि गांव के युवाओं के लिए खेल के मैदान के साथ अनेक योजनाएं हैं, जिसका लाभ युवा वर्ग ले रहा है। ग्राम पंचायतों को शहरी मॉडल के रूप में विकसित किया जाएगा। कार्यक्रम को पूर्व जिलाध्यक्ष अरुण शुक्ला, खंड विकास अधिकारी श्वेता मिश्रा, अमरनाथ पांडेय, नीरज गुप्ता, ग्राम प्रधान सूरज, सचिव परमेश्वर दूबे ने संबोधित किया। इस दौरान एसडीएम रामसजीवन मौर्या, समाज कल्याण अधिकारी सुधीर पांडेय, नीरज जायसवाल, सुनील चौरसिया और सुकांत शर्मा आदि मौजूद थे।
गांव की समस्याओं से अवगत कराया गया
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि बबलू गुप्ता ने गांव में सड़क बनाने के लिए बजट, बरात घर, मनरेगा मजदूरी बढ़ाने की मांग व गांव में स्थित विद्यालय में शिक्षकों की संख्या बढ़ाने की मांग की। जिस पर राज्य मंत्री ने सहमति देते हुए मामले को सदन में उठाने की बात कही।
-----------------
मंत्री के सामने मुखर हुईं महिलाएं
फरेंदा। भगवतनगर परसिया में आयोजित चौपाल में उज्ज्वला योजना पर लोगों से बात करना शुरू किए मंत्री तो महिलाएं गैस के बढ़ते दामों पर नाराजगी जाहिर करने लगीं। महिलाएं बिजली कटौती, दामों के बढ़ोतरी पर नाराज हुईं।