झूलनीपुर एसएसबी कैंप के पास गंडक नहर किनारे शनिवार को मिला था शव
निचलौल। नेपाल सीमा पर स्थित झूलनीपुर एसएसबी कैंप के पास गंडक नहर किनारे शनिवार को एक अधेड़ का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मामला दो देशों की सीमा से जुड़ा होने के कारण दोनों देशों की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। शव की पहचान भारतीय नागरिक के रूप में होने के बाद नेपाल पुलिस ने उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, इंडो-नेपाल सीमा से सटे ग्रामसभा मटरा निवासी छोटेलाल (52) पुत्र गौरी पाल शनिवार को नेपाल के झुलनीपुर गए थे। इसी दौरान झुलनीपुर क्षेत्र में नारायणी-गंडक नहर में अचानक गिर गए और डूबने से उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर नेपाल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई शुरू की।
इधर, घटना की जानकारी मिलने पर रेगहिया चौकी प्रभारी सूरज तिवारी भी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। दोनों देशों की पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी जुटाई। बताया गया कि छोटेलाल अचानक नहर में गिर गए थे, जिससे उनकी मौत हुई। बताया जा रहा है कि छोटेलाल अविवाहित थे और परिवार में उनके अलावा कोई अन्य सदस्य नहीं है।
निचलौल थाने के प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र राय ने बताया कि घटना नेपाल क्षेत्र में हुई है। इसलिए छोटेलाल के शव को नेपाल पुलिस ने कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू की है।
फोटो परिचय : घटनास्थल पर जांच-पड़ताल करती भारत और नेपाल की पुलिस।