निचलौल। ठूठीबारी सड़क पर टहलने निकले पांडेय वार्ड निवासी एक अधेड़ की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद चालक मौके से वाहन लेकर भाग निकला।
जानकारी के मुताबिक, शहर के पांडेय वार्ड निवासी सुबास मद्धेशिया (50) रविवार रात में खाना खाने के बाद ठूठीबारी सड़क पर टहलने के लिए निकले थे। अभी वह राजा रत्नसेन इंटर कऍलेज गेट के पास पहुंचे थे। तभी वह तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के कुछ देर बाद सुबास की मौत हो गई। उनकी आर्थिक हालत ठीक नहीं थी। वह शहर के झुलनीपुर टैक्सी स्टैंड पर रहकर स्टैंड वसूली करते थे, जबकि दो बेटे सुनील और विशाल ठेले पर दुकान लगाते हैं। सुबास की मौत के बाद परिजनों में चीख पुकार मची रही।
थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार सिंह ने बताया की हादसे की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस टीम शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दी है। मामले में तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।