कलेक्ट्रेट परिसर में मतगणना को लेकर बैठक में उपस्थित पुलिस कर्मी व अन्य।संवाद
- फोटो : MAHARAJGANJ
‘बिना जांच किसी को अंदर न जाने दें सुरक्षाकर्मी’
- जिला निर्वाचन अधिकारी ने प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों संग की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जिले के सभी पांच विधानसभा क्षेत्र के लिए बनाए गए मतगणना स्थल पर किसी को भी बिना जांच अंदर न जाने दिया जाए। सुरक्षाकर्मी गणना स्थल पर आने वाले सभी व्यक्तियों की जांच करें। इसमें किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।
ये बातें जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था में लगे प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए कही। उन्होंने कहा कि विजय जुलूस पर प्रतिबंध है, इसका कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। ईवीएम की सुरक्षा व्यवस्था तीन घेरे में है। उन्होंने कहा कि गणना हाल में सिर्फ प्रेक्षक व निर्वाचन अधिकारी ही मोबाइल का प्रयोग कर सकेंगे। पुलिस अधीक्षक प्रदीप गुप्ता ने कहा कि सुरक्षाकर्मी अपने उपकरणों के साथ निर्धारित स्थलों पर पूरी मुस्तैदी से तैनात रहें, निर्धारित स्थल से इधर-उधर न जाएं। इस दौरान एडीएम डॉ. पंकज कुमार वर्मा, एएसपी निवेश कटियार, जगदीश चंद्र यादव, आलोक कुमार सिंह, देवेंद्र मणि, राजनाथ यादव, सीओ अजय सिंह चौहान, डीके उपाध्याय समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।