महराजगंज। दीपावली और धनतेरस के लिए बाजार पूरी तरह से सज गए हैं। धनतेरस मंगलवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। सराफा, बर्तन, कपड़ा, इलेक्ट्रॉनिक बाजारों में ग्राहक जमकर खरीदारी की जाएगी, इसके लिए व्यापारियों ने खास इंतजाम भी किए हैं। व्यापारियों के अनुमान से धनतेरस पर करीब 50 करोड़ रुपये के कारोबार की उम्मीद है।
धनतेरस पर होने वाली भीड़ के मद्देनजर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी पूरी कर ली है। जेबकतरों पर नजर रखने के लिए बाजारों में सादी वर्दी में पुलिस कर्मी तैयार रहेंगे। सोमवार को बलिया नाले के पास ज्वेलरी की दुकान पर जेवर की खरीदारी में लोग जुटे रहे। खरीदारी को लेकर लोगों में उत्साह नजर आ रहा है। बाजार में बढ़ती भीड़ के कारण दुकानदार भी खुश नजर आ रहे हैं। इलेक्ट्रॉनिक बाजार के साथ बर्तन बाजार में भी रौनक नजर आने लगी है। दोपहिया और चौपहिया वाहनों को खरीदने में कई ग्राहक दिलचस्पी दिखा रहे हैं। कई शो-रूमों में वाहनों की अग्रिम बुकिंग भी की जा चुकी है, जिसकी मंगलवार को लोग डिलेवरी लेने के लिए पहुंचेंगे।
बाइक शोरूम के मालिक राकेश कुमार गुप्ता ने बताया कि दोपहिया और चौपहिया वाहनों को देखने पहुंच रहे ग्राहकों को कई तरह के लुभावने ऑफर भी दिए जा रहे हैं। इनमें गिफ्ट हैंपर, स्क्रैच कार्ड, कैशबैक, सोना और चांदी का सिक्का भी शामिल है। इससे वाहन खरीदने वाले ग्राहकों को भी फायदा मिल रहा है। धनतेरस पर पुराने समय से ही बर्तन, आभूषण, कपड़ा, इलेक्ट्रॉनिक्स, मोबाइल फोन आदि सामान खरीदने की परंपरा है, जिससे धनतेरस के दिन बाजार में भीड़ उमड़ने की उम्मीद है।
इलेक्ट्रॉनिक स्कूटर और ई-बाइक खरीदने के लिए लोग शो-रूमों में पहुंच रहे हैं। हालांकि, पेट्रोल और डीजल की कीमत ज्यादा होने के कारण लोग ई-वाहनों की तरफ भी रुख करने लगे हैं। ऐसे में ग्राहक धनतेरस के दिन वाहनों को घर ले जाने की तैयारी में हैं।
धनतेरस पर बेहतर कारोबार की आस : बर्तन कारोबारी संजय कुमार का कहना है कि धनतेरस के दिन बर्तन खरीदना काफी शुभ माना जाता है। इसलिए ग्राहक धनतेरस और दीपावली के दिन भी बर्तन खरीदने के लिए बाजारों में पहुंचेंगे। बाजारों में ग्राहकों के पसंद के हिसाब से सभी प्रकार के बर्तन पहुंच चुके हैं। इस बार धनतेरस और दीपावली पर बेहतर कारोबार होने की उम्मीद है।