खूंटे में बांधकर युवक की रातभर की पिटाई
प्रेमिका से मिलने गया था उसके घर, पकड़ा गया
सिर के बाल काटकर प्लस का निशान बनाया गया
महराजगंज। पनियरा क्षेत्र के एक गांव में प्रेमी की बेरहमी से पिटाई कर उसे पुलिस को सौंप दिया गया। इस मामले में दोनों पक्षों ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है। एक पक्ष ने छेड़छाड़ तो दूसरे ने बेरहमी से पिटाई करने का आरोप लगाकर तहरीर दी है। पुलिस जांच में जुटी है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव का युवक मंगलवार की रात पनियरा क्षेत्र के एक गांव में अपने मामा के घर गया था। मामा के घर के बगल में उस युवती का भी घर है जिसके घर युवक पहले से आता-जाता था। दोनों के घर वालों को इस बारे में जानकारी नहीं थी। मंगलवार की रात युवक अपने घर से यह कहकर निकला कि मामा के घर जा रहा हूं। शाम को वह मामा के घर गया भी, लेकिन रात में प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंच गया, लेकिन देर रात आवाज सुनकर युवती के घर वाले जाग गए। वे उसे कमरे में देखकर सन्न गए। आरोप है कि उन्होंने प्रेमी की पूरी रात पिटाई की। बुधवार की सुबह उसे खूंटे में बांधकर पीटा गया। यही नहीं, उसके सिर के बाल काटकर प्लस का निशान बना दिया गया। ग्राम प्रधान की सूचना पर पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया। थानाध्यक्ष पनियरा दिलीप शुक्ला ने बताया कि युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। दोनों पक्षों से तहरीर मिली है। जांच की जा रही है। जल्दी ही कार्रवाई होगी।