महराजगंज। बिजली चोरी को नियंत्रित करने और उपभोक्ताओं की शिकायतों को दूर करने के लिए 123 फीडरों पर मैनेजर तैनात किए जाएंगे। फीडर मैनेजर के जरिए महराजगंज, आनंदनगर, निचलौल और नौतनवा डिवीजन क्षेत्रों में बिजली की आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, जिले में 30 विद्युत उपकेंद्र से 123 फीडर संचालित किए जाते हैं। इन फीडरों के माध्यम से 3,47,554 उपभोक्ताओं को बिजली की आपूर्ति की जाती है। बिजली निगम के अधिकारियों का कहना है कि कई ऐसे फीडर हैं जहां पर ज्यादा बिजली की खपत होती है। इससे उन क्षेत्रों में लाइनलास की समस्या बनी हुई है। इस वजह से बिजली की कटौती और ओवरलोडिंग की परेशानी बढ़ गई है। कभी-कभार तो 33 हजार की बड़ी लाइन भी ब्रेकडाउन हो जाती है और घंटों बिजली गुल रहती है। बिजली निगम का कहना है कि समस्या से निजात के लिए नई व्यवस्था की शुरुआत की गई है। फीडरों पर मैनेजरों की तैनाती के बाद आपूर्ति व्यवस्था की सटीक निगरानी की जा सकेगी। फीडर मैनेजर किसी तरह की समस्या होने पर जेई, एसडीओ और एक्सईएन को फोन पर तत्काल मामले से अवगत कराएंगे।