फरेंदा। पुंदरपुर थाने में धोखाधड़ी के मामले में दर्ज मुकदमे के वांछित इनामी अभियुक्त को पुरंदरपुर पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। पकड़ा गया आरोपी फर्जी आधार कार्ड बनाकर लोन दिलाता था।
पुरंदरपुर पुलिस के अनुसार, पुरंदरपुर थाना क्षेत्र में 15 अक्टूबर 2024 में फर्जी आधार कार्ड बनाकर लोन दिलाने के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले में आरोपी विश्व दमन पुत्र ब्रह्मदेव, निवासी भैसहवा ढोढरा, घाटी पासी टोला, थाना खोराबार जनपद गोरखपुर मुकदमे में वांछित था। उसकी गिरफ्तारी के संबंध में न्यायालय ने गैर जमानती वारंट जारी किया था।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज ने विश्व दमन की गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का पुरस्कार भी घोषित किया था। सोमवार को पुलिस टीम ने कुशीनगर के हाटा बाजार क्षेत्र में छापा मार कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने झांसा देकर लोन दिलाने की बात को स्वीकार की है। विश्व दमन ने तकनीकी शिक्षा ग्रहण करने के बाद अपराध के क्षेत्र में अपना कदम रख दिया था। पुलिस टीम ने आरोपी को न्यायालय में भेज दिया।