महाराजगंज। भारतीय क्षेत्र से बाइक चुराकर नेपाल में बेचने वाले शातिर वाहन चोर को थाना कोल्हुई पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से चोरी की दो बाइक बरामद हुई है। वाहन चोरी की अन्य वारदातों के बारे में पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार, कोल्हुई क्षेत्र के जिगिनिहा के पास बैरियर पर जांच के दौरान चोरी की बाइक बरामद हुई। बाइक चोरी का केस थाने पर पहले से ही दर्ज था। बाइक के साथ गिरफ्तार आरोपी की पहचान अर्जुन साहनी निवासी ग्राम सहजनवा बाबू टोला देउरवाघाट थाना बृजमनगंज के रूप में हुई। पूछताछ में उसने बताया कि बाइक चुराकर नेपाल में बेचता था। भारत से चोरी वाली बाइक को नेपाल में पकड़ा भी नहीं जाता था। उसके कागजात आसानी से बन जाते हैं। उसकी निशानदेही पर नेपाल से चोरी की बाइक को देउरवाघाट मोड़ के पास स्थित झोपड़ी से बरामद किया गया। पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को पूछताछ के बाद चालान कर दिया गया।