फरेंदा। गोरखपुर-नौतनवा रेलखंड पर जयपुरिया मिनी स्टेडियम के पीछे बुधवार की सुबह करीब 7 बजे रेलवे ट्रैक के बीच युवक का क्षत विक्षत शव पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया ।
फरेंदा थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर छह सिविल लाइंस गनेशपुर के कोहार टोला निवासी मोहन प्रजापति (35) मंगलवार की शाम घर से फरेंदा कस्बे किसी काम से आए थे। देर शाम रेलवे ट्रैक के किनारे से होते हुए घर की तरफ वापस जा रहे थे। इसी दौरान ट्रेन की चपेट में आ गए। रात में घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने खोजबीन शुरू किया।
बुधवार की सुबह युवक का क्षत-विक्षत शव रेलवे ट्रैक के बीच लोगों ने देखा मौके पर भीड़ जुट गई। सूचना पर जीआरपी व थाना फरेंदा की पुलिस मौके पर पहुंची। घटना की जानकारी परिजनों को हुई तो चीख-पुकार मच गई। इस संबंध में थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।