महराजगंज। आगरा के बाजार की तर्ज पर गोरखपुर-फरेंदा मार्ग का मुख्य बाजार विकसित होगा। इसको लेकर मंगलवार को जिलाधिकारी अनुनय झा ने नगर पालिका, पीडब्ल्यूडी, तहसील सदर सहित विभिन्न विभागों और व्यापार मंडल के साथ कलक्ट्रेट सभागार में मंथन किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि गोरखपुर–फरेंदा मार्ग पर मुख्य बाजार को एक मॉडल बाजार के रूप में विकसित किया जाएगा। इसमें विशिष्ट वेंडिंग जोन, शौचालय, पार्किंग, आकर्षक लाइटिंग सहित विभिन्न कार्य होंगे। पूरे बाजार को एक निर्धारित प्रारूप और रंग विन्यास के आधार पर विकसित किया जाएगा। इसमें व्यापारियों और ग्राहकों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
उन्होंने अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी को मुख्य मार्ग पर पीडब्ल्यूडी के मानक के अनुसार साइनेज, अस्थाई पार्किंग और चौराहों पर बोलार्ड लगवाने के निर्देश दिए, ताकि मुख्य बाजार को जाम की समस्या से मुक्त रखा जा सके। साथ ही नगर पालिका को उपयुक्त स्थल पर पार्किंग, शौचालय/यूरिनल और वेंडिंग जोन बनवाने और सड़क के दोनों ओर आकर्षक पौधों लगवाने के लिए निर्देशित किया।
दुकानदारों को प्रस्तावित रंग में ही लगवाना होगा बोर्ड
जिलाधिकारी ने व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों से अनुरोध किया की व्यापारी अतिक्रमण संबंधी निर्देशों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करें और दुकानों के सामने अनिवार्य रूप से कूड़ेदान भी रखें। उन्होंने कहा कि सभी दुकानदारों को अपने बोर्ड को प्रस्तावित रंग विन्यास और प्रारूप में ही लगाना अनिवार्य होगा। बैठक में अपर जिलाधिकारी डॉ. पंकज कुमार वर्मा, डीसी राज्य कर आरपी चौरसिया, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी जीएस यादव, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका महराजगंज आलोक कुमार मिश्रा, नायब तहसीलदार देश दीपक त्रिपाठी मौजूद रहे।
ये होंगी सुविधाएं
-डेडीकेटेड वेंडिंग जोन
पार्किंग क्षेत्र
सड़क के दोनों ओर पौधारोपण
-एक समान रंग विन्यास
शौचालय/यूरिनल
आकर्षक लाइटिंग
चौराहों का सुंदरीकरण