महराजगंज। जनपद में स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण 2025 प्रभावी है। केंद्रीय टीम सर्वेक्षण करेगी। उनकी सहायता के लिए लगने वाले स्थानीय स्तर के कर्मियों को बीते दिनों प्रशिक्षित किया गया। 14 अगस्त से पहले 883 ग्राम पंचायतों का सर्वे पूरा होना है।
गांव के लोगों का फीडबैक एसबीएमएसएसजी 2025 के जरिये लिया जाएगा। पंचायतीराज विभाग अधिक से अधिक ग्रामीणों को एप की जानकारी देने के साथ ही इसके जरिये फीडबैक दिलवा रहा है, जिससे हर ग्राम पंचायत से कम से कम 100 ग्रामीणों की प्रतिक्रिया सर्वे में शामिल हो सके।
स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण-2025 के तहत स्वच्छता संबंधी सर्वे के लिए 12 केंद्रीय टीमों को आना है। सर्वे से पहले सभी ग्राम पंचायतों में इसकी तैयारी तेज है। प्रत्येक टीम की सुविधा के लिए स्थानीय कर्मी लगाए जाएंगे, जिन्हें प्रशिक्षण दिया चुका है।
अब ग्रामीणों की प्रतिक्रिया लेने का एप स्मार्टफोन में अपलोड कराया जा रहा है। प्रत्येक पंचायत से कम से कम 100 ग्रामीणों की प्रतिक्रिया ली जानी है, जिसका एप प्ले स्टोर पर अपलोड कराया जा चुका है।