दौड़ लगाकर लोगों को वोट देने के लिए किया जागरूक
महराजगंज। ‘रन फॉर वोट’ कार्यक्रम के तहत धावकों ने बृहस्पतिवार को लोगों को जागरूक किया। धावकों ने पहले स्टेडियम तथा उसके बाद स्टेडियम से पेट्रोल पंप और वहां से पुलिस लाइन तक दौड़ लगाकर लोगों को वोट देने के लिए प्रेरित किया।
हरी झंडी दिखाकर धावकों को रवाना करने से पहले जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने कहा कि जिले में विविध कार्यक्रम आयोजित कर मतदाताओं को जागरूक किया जा रहा है। स्वीप कार्यक्रम के तहत स्टेडियम से पुलिस लाइन तक 100 से अधिक धावक दौड़े। इसके माध्यम से अपील किया गया कि मतदान के दिन लोग अपने घरों से निकलकर वोट करें।
अपर जिलाधिकारी डॉ पंकज कुमार वर्मा ने कहा कि प्रशासन लगातार जागरूकता अभियान ‘मतदान करे महराजगंज’ चलाकर लोगों को मतदान करने के लिए प्रेरित कर रहा है। संचालन करते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने आयोजन के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। इस दौरान तहसीलदार सदर राजेश कुमार श्रीवास्तव, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, उप क्रीड़ाधिकारी धर्मेंद्र कुमार, अंशकालिक प्रशिक्षक शिवशरण पाठक, अजय यादव, अभिषेक विश्वकर्मा, कुलदीप त्रिपाठी, अजीत आदि मौजूद रहे।
धावकों को दिलाई शपथ
डीएम ने ‘रन फार वोट’ में हिस्सा लेने वाले धावकों को शपथ दिलाते हुए मतदान करने व दूसरों को भी प्रेरित करने को कहा।