दिन में बादलों ने डाला डेरा, जगह-जगह हुई बूंदाबांदी
महराजगंज। बादल दिन भर छाया रहा। शुक्रवार को दिन भर धूप नहीं दिखी। हालांकि जिले में जगह-जगह बूंदाबांदी भी हुई जिससे ठंड में बढ़ोत्तरी हो गई।
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी की वजह से मौसम में परिवर्तन हुआ। हल्की बारिश के आसार बने हुए हैं। मौसम में परिवर्तन के बाद से बदली रही। जिसके चलते बूंदाबांदी भी हुई है। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों में सुबह लोग जब घर से बाहर निकले तो स्वेटर, जैकेट पहने रहे। बादलों की वजह से सूर्यदेव दिनभर लुकाछिपी करते रहे। धूप न खिलने की वजह से ठंड का असर रहा। जिला मुख्यालय से लेकर सीमावर्ती क्षेत्रों के शहर निचलौल, सोनौली, नौतनवां के बजारों में भी भीड़ कम रही। कुछ जगहों पर दोपहर बाद शहर में बूंदाबांदी शुरू हो गई।
मौसम विशेषज्ञ कैलाश पांडेय ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम परिवर्तन हुआ है। बारिश के आसार बने हुए हैं। शनिवार तक पश्चिमी विक्षोप का असर रहेगा। इस दौरान बूंदाबांदी के साथ हल्की बारिश भी होने की संभावना बनी रहेगी। वर्तमान में पश्चिमी विक्षोप नेपाल से होकर जिले के रास्ते गुजरते हुए तिब्बत की ओर जा रही है। इस दौरान चार से 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही है।
------------------
किसानों की बढ़ी बेचैनी
मौसम खराब से किसानों की बेचैनी बढ़ गई है। किसान इंद्रजीत, सुभाष, कन्हैया का कहना है कि गेहूं, चना, मटर, सरसों, आलू की बुआई भी शुरू हो गई है। मौसम का मिजाज बदलने से किसानों की चिंता बढ़ गई है।