अगले तीन दिनों तक बन रहे है बारिश के आसार
34 अधिकतम तो 28 रहा सोमवार न्यूनतम तापमान
महराजगंज। मौसम एक बार फिर बदलाव की तरफ अग्रसर हो रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिन तक बारिश के आसार बन रहे हैं। रविवार सुबह 08:30 बजे से सोमवार 08:30 बजे तक सोमवार को सिर्फ निचलौल क्षेत्र में 28.3 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। बाकी तहसीलों में सिर्फ बूंदाबांदी ही हुई।
सोमवार की सुबह तेज धूप से हुई। हवा कमजोर होने के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा हालांकि तीन बजे के बाद हवाओं की नर्मी के कारण लोगों को राहत मयस्सर हुई। दिन डूबने के बाद छाए चने बादलों के बीच उमस एक बार फिर बढ़ती महसूस हुई। सोमवार को अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिन तक पूर्वी यूपी के जनपदों में बारिश की संभावना बनी हुई है जिसके कारण तापमान नीचे जा सकता है।
वर्जन
पश्चिमी बंगाल, झारखंड व उत्तरी ओडिशा के ऊपर बना निम्न दबाव उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ रहा है। मौसम की यह परिस्थितियां पूर्वी यूपी के जिलों में अगले तीन दिन तक बारिश की स्थिति उत्पन्न कर सकती हैं।
-अतुल कुमार सिंह, प्रभारी, आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र।