निचलौल। थाना क्षेत्र के भारत नेपाल बाॅर्डर से सटे गांव कनमिसवा से सटे गेहूं के खेत में तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने तेंदुए के हमले में चारों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराकर घटना की सूचना वन विभाग को दी। वहीं वन विभाग स्थित की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पहुंच गया।
कुछ देर बाद वाइल्ड लाइफ ट्रस्ट ऑफ इंडिया (डब्ल्यूटीआई) के सदस्य भी पहुंच गई। फिर वन विभाग की टीम पुलिस की मदद से भीड़ पर नियंत्रित कर ड्रोन कैमरे की मदद से गेहूं के खेत में तेंदुए को ढूंढने में जुट गई। ग्रामीण सुरेश, कमलेश, रोहित, सादिक आदि ने पूछताछ में बताया कि आबादी से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर सोहगीबरवा वन्य जीव प्रभाग के निचलौल वन रेंज का जंगल है। बीते कई दिनों से दो तेंदुआ शिकार की तलाश में जंगल से निकलकर आबादी के ईद-गिर्द चहलकदमी कर रहे थे।
शुक्रवार की सुबह करीब साढ़े आठ बजे केले के खेत में सिंचाई करने जा रहे गांव निवासी लक्की, गणेश, छोटू, सचिन पर हमला कर लहूलुहान कर दिया। हमले के दौरान एक तेंदुआ मौके से आबादी से काफी दूर भाग निकला। जबकि एक पास के गेहूं के खेत में जाकर छिप गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची वन कर्मियों की टीम पहले पटाखा फोड़ तेंदुए को खेत से जंगल की ओर भगाने की कोशिश की, लेकिन तेंदुआ गेहूं की फसल में छिपा रहा।
उसके बाद वन कर्मियों की टीम ड्रोन कैमरे की मदद से खेत में छिपे तेंदुए को ढूंढ ली। फिर वाइल्ड लाइफ ट्रस्ट ऑफ इंडिया के सदस्यों की मदद से खेत के एक छोर पर जाल और पिंजरा लगाकर तेंदुए को रेस्क्यू करने के प्रयास में जुट गई। उसके बाद भी तेंदुआ खेत से बाहर नहीं निकला। खेत में तेंदुए के छिपे रहने के चलते पूरे दिन ग्रामीण खेत के पास जुटे रहे।
वहीं निचलौल वन क्षेत्राधिकारी सुनील राव ने बताया कि जंगल से सटे गांवों के आसपास अक्सर जंगली जानवर भटककर आ जाते हैं। ऐसे में ग्रामीणों को सतर्क किया गया है कि कोई भी शख्स जानवर को नुकसान न पहुंचाएं। ऐसा करने पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने ग्रामीणों को समूह में आने जाने और रात में खेतों की ओर न जाने की सलाह दी है। साथ ही पालतू पशुओं को सुरक्षित रखने का निर्देश भी दिया गया है।
27 जनवरी को नेपाली युवक पर किया था हमला : जानकारी के मुताबिक 27 जनवरी को कनमिसवा गांव के उत्तर सटे भारत नेपाल बाॅर्डर के उसपार नेपाल के नवलपरासी जिला अंतर्गत बेलाटारी थाना क्षेत्र के बसहिया गांव में गन्ने की कटाई कर रहे देवनरायन यादव (20) पर तेंदुए ने हमला कर घायल कर दिया था। सूत्रों के मुताबिक युवक पर हमले से आक्रोशित नेपाल के ग्रामीणों ने तेंदुए को पकड़ने के लिए गन्ने और केले की फसलों पर कई दिनों तक जाल बिछाई थी। ऐसे में तेंदुओं को जाल बिछाने की आहट होने पर बाॅर्डर पारकर फिर भारतीय क्षेत्र में लौट आए जो काफी दिनों से शिकार की तलाश में चहलकदमी कर रहे थे।