सोहगीबरवा गांव के बाजार टोला में तेंदुआ घुसने के बाद दहशत में ग्रामीण।
निचलौल। शिवपुर वन रेंज के सोहगीबरवा गांव के बाजार टोला में बुधवार की शाम करीब सात बजे तेंदुआ शिकार की तलाश में घुस गया। गनीमत रही कि इस बीच कुछ लोगों की नजर तेंदुए पर पड़ गई। फिर ग्रामीण शोर मचाने लगे तो तेंदुआ आबादी से निकल खेत में जाकर छिप गया।
ग्रामीण दुर्विजय यादव, भुअर गुप्ता, रघुवर चौधरी, प्रेम, विजय ने बताया कि हर रोज की तरह वह गांव में टहल रहे थे। इसी बीच कुछ लोगों की नजर अचानक गांव निवासी चंदर कुशवाहा के घर के पास शिकार की तलाश में घुसे एक तेंदुए पर पड़ी। इस दौरान वह लोग सन्न हो गए। फिर वह लोग शोर मचाने लगे। वहीं अचानक आबादी के बीच आवाज सुन लोग लाठी डंडों के साथ दौड़ने लगे। इसे देख आबादी में घुसा तेंदुआ आबादी से निकल खेत में जाकर छिप गया। शिवपुर प्रभारी वन क्षेत्राधिकारी सुनील राव ने बताया कि तेंदुए को रेस्क्यू करने के लिए रेस्क्यू टीम रवाना हो चुकी है। फिलहाल रास्ता खराब होने के कारण रेस्क्यू टीम को मौके तक पहुंचने में वक्त लग रहा है।