रिश्वत लेते लेखपाल को एंटी करप्शन टीम ने दबोचा
महराजगंज। सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत की जांच रिपोर्ट लगाने के एवज में पांच हजार रुपये घूस लेते एंटी करप्शन टीम ने बुधवार को निचलौल तहसील में तैनात एक लेखपाल को रंगे हाथ पकड़ लिया। उसके बाद टीम आनन फानन में लेखपाल को लेकर सदर कोतवाली पहुंची। जहां पूछताछ के बाद लेखपाल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया।
कोठीभार थाना क्षेत्र के बड़हरा महंथ गांव निवासी राजेंद्र गुप्ता ने बताया कि आठ फरवरी को बेटे की सड़क हादसें में मौत हो गई थी। इस मामले में किसान दुर्घटना बीमा योजना के लिए आवेदन किया था। लेखपाल रिपोर्ट पर जांच आख्या लगाने के बदले उनसे दस हजार रुपये की मांग कर रहा था। इसकी शिकायत राजेन्द्र ने 27 जून को एंटी करप्शन कार्यालय गोरखपुर में की थी।
टीम के निरीक्षक संतोष कुमार दीक्षित ने पीड़ित राजेन्द्र को लेखपाल सुबाष पटेल निवासी धनेवा धनेई कोतवाली महराजगंज को सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित फायर स्टेशन मोड़ के निकट एक मिष्ठान की दुकान में बुलाकर रुपये देने के लिए कहा। इस दौरान एंटी करप्शन टीम के सदस्य पहले से वहां मौजूद थे। जहां बातचीत कर राजेंद्र ने लेखपाल सुबास को पांच हजार रुपये पकड़ा दिए। इस दौरान कुछ दूरी पर खड़ी एंटी करप्शन टीम ने उसे रंगे हाथ दबोच लिया। लेखपाल को लेकर टीम नगर कोतवाली पहुंची। जहां पूछताछ के बाद लेखपाल के खिलाफ रिश्वतखोरी का मुकदमा दर्ज कराया गया है। इस संबंध में निचलौल एसडीएम सत्यप्रकाश मिश्रा ने कहा कि मामले की जानकारी मिली है।