महराजगंज। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर किसानों को उन्नत खेती, खेती की लागत कम करने के लिए संकल्प की सिद्धि कार्यक्रम के तहत निजी नलकूप मुफ्त विद्युत आपूर्ति योजना का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर कलक्ट्रेट सभागार में भी कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
गोष्ठी में जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल ने इस योजना का लाभ सभी लाभार्थियों तक पहुंचाए जाने के लिए विद्युत और कृषि विभाग को कार्य करने के लिए कहा। उन्होंने योजना के माध्यम से किसानों का बिजली बिल माफ करने हेतु मुख्यमंत्री को धन्यवाद ज्ञापित किया। विधायक सिसवा प्रेमसागर पटेल द्वारा विद्युत नलकूप से सिंचाई करने वाले किसानों का बिल शत–प्रतिशत माफ करने के लिए प्रदेश सरकार को बधाई देते हुए कहा कि इससे किसानों की लागत कम होगी और उनकी आय में वृद्धि होगी।
उन्होंने कहा कि जिन किसानों द्वारा नलकूप के माध्यम से सिंचाई की जाती है, उनका एक अप्रैल 2023 से नलकूप का शून्य कर कर दिया गया है। जिन किसानों द्वारा नलकूप लगवाना है उन्हें भी मुफ्त विद्युत आपूर्ति विद्युत विभाग द्वारा किया जाएगा। सिसवा विधायक ने कहा कि सिसवा विधानसभा के मुसहर किसानों की खेती के लिए सोलर पंप लगाए गए हैं।
संकल्प की सिद्धि योजन के अंतर्गत विद्युत विभाग द्वारा कृषकों की खेती को बढ़ावा देने के लिए निजी नलकूप उपभोक्ताओं को एक अप्रैल 2023 से मुफ्त विद्युत दी जाएगी। इस दौरान जो भी बिल आया है, उसे विभाग द्वारा शून्य कर दिया जाएगा। इस अवसर पर लखनऊ में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का सभी लोगों ने सीधा प्रसारण देखा और मुख्यमंत्री का संबोधन भी सुना। इस अवसर पर जिलाधिकारी अनुनय झा, अपर जिलाधिकारी डॉ. पंकज कुमार वर्मा, अधीक्षण अभियंता विद्युत वाईपी सिंह मौजूद रहे।