बिना चालक खड़ी रहती हैं आठ से 10 रोडवेज बस, 134 चालकों की जरूरत सिर्फ 108 की तैनाती
महराजगंज। रोडवेज चालकों की अनुपलब्धता से रूटों पर पर्याप्त बसों का संचालन नहीं हो पा रहा है। इसका खामियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। डिपो के पास कुल 67 बसें हैं, जिसके सापेक्ष 134 चालकों की जरूरत है। सिर्फ 108 की तैनाती होने से 8-10 रोडवेज बस स्टेशन या वर्कशाप में खड़ी रहती है।
महराजगंज डिपो चालकों की कमी से जूझ रहा है। जरूरत के मुताबिक चालक न होने के कारण बसें होने के बाद भी संचालन नियमित नहीं हो पा रहा। इससे डिपो की कमाई का ग्राफ भी कम है। इसके अलावा निचलौल ठूठीबारी, चौक, फरेंदा, पनियरा, सिसवा रूट सीमित संचालन का खामियाजा भुगत रहे हैं। यह ऐसे रूट हैं जिसपर यात्रियों की संख्या तो भरपूर है, लेकिन पर्याप्त बस न चलने से लोग प्राइवेट वाहनों के भरोसे यात्रा पूरी करने को मजबूर हैं।
डिपो में चालकों की कमी के कारण कुछ बसें नियमित संचालित नहीं हो पा रही हैं। संविदा चालकों की भर्ती के लिए पहली जून से विकास खंडों में शिविर लगाकर भर्ती की जाएगी।
- सर्वजीत वर्मा, एआरएम