महराजगंज। सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के नदुआ बाजार गांव निवासी व्यक्ति को कारपेंटर की नौकरी दिलाने के बहाने दुबई भेज दिया। वहां उसे मजदूर बना दिया गया। किसी तरह पीड़ित अपने वतन लौटा। उसके बाद पुलिस को आपबीती सुनाई। पुलिस पीड़ित की तहरीर पर शुक्रवार को आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच-पड़ताल में जुट गई है।
नदुआ बाजार गांव निवासी भोलानाथ ने कहा कि बेलभरिया चौक थाना निवासी शंभू वर्मा ने उसे झांसे में लेकर दुबई में कारपेंटर की नौकरी लगाने के नाम पर भेज दिया। जहां पहुंचने पर कारपेंटर की नौकरी की जगह उन्हें सरिया ढोने के काम में लगा दिया। इतना ही नहीं उनसे जबरन 18 घंटे काम भी करवाया जा रहा था। विरोध करने पर दुर्व्यहार करते हुए चोरी में फंसाने की धमकी दी जा रही थी। किसी तरह बचकर वहां से लेवर कोर्ट पहुंचे। उसके बाद अपने वतन वापस लौटे। आरोपी से जब 96 हजार रुपये वापस मांगा तो उसने भगा दिया।
सदर कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद कुमार गुप्ता ने कहा कि पीड़ित भोलानाथ की तहरीर पर आरोपी शंभू वर्मा के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।