गांव में हो रहे भवन निर्माण में मजदूरी करने आया था मजदूर
घुघली थाना क्षेत्र के पकड़ी बिशुनपुर गांव, पैड पर चढ़कर काम कर रहा था मजदूर
भिटौली। घुघली थाना क्षेत्र के पकड़ी बिशुनपुर गांव में बृहस्पतिवार को एक मजदूर मकान निर्माण के दौरान अचानक नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से मृतक के परिवार में चीख-पुकार मची हुई है।
जानकारी के अनुसार, पकड़ी बिशुनपुर निवासी राजकुमार (45) अपराह्न करीब 4 बजे गांव में ही एक व्यक्ति के मकान निर्माण कार्य में मजदूरी कर रहा था। बताया जा रहा है कि वह मकान का प्लास्टर करने के दौरान पैड पर चढ़कर काम कर रहा था। पैड करीब पांच फीट ऊंचा था। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह नीचे आ गिर गया और सिर में चोट लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया।
मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों और ग्रामीणों ने आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची घुघली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक राजकुमार अपने पीछे पत्नी संगीता और तीन मासूम बच्चों को छोड़ गया है। पति की मौत की खबर सुनते ही पत्नी संगीता का रो-रो कर बुरा हाल है।
प्रभारी निरीक्षक घुघली सूरज कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।