58 लाख से बनेगी प्रयोगशाला, लाभ उठाएंगे विद्यार्थी
महराजगंज। राजकीय इंटर कालेज पनियरा व फरेंदा में अध्ययनरत विज्ञान वर्ग के विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। लिखित के साथ-साथ प्रायोगिक परीक्षा के लिए भी अब उन्हें बेहतर ढंग से तैयार किया जा सकेगा। पनियरा में जीव विज्ञान तथा फरेंदा में जीव विज्ञान के साथ ही भौतिक व रसायन विज्ञान की प्रयोगशाला का भी निर्माण होगा।
पनियरा में स्थित राजकीय इंटर कालेज में जहां लगभग 600 छात्र-छात्राओं को शिक्षित किया जाता है, वहीं फरेंदा के राजकीय बालिका इंटर कालेज में भी लगभग 1200 बालिकाओं को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने की पहल की जाती है। दोनो ही विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों में विज्ञान विषय को लेकर अधिक उत्साह है। विषयवस्तु के रुप में उन्हें लिखित तौर पर सभी आवश्यक जानकारी तो प्रदान की जाती है, मगर मानक के मुताबिक प्रयोगशाला न होने से उन्हें प्रायोगिक कार्यों व विषयवस्तु की समझ में समस्या आती है। विद्यार्थियों की इसी समस्या को दूर करने व प्रायोगिक कार्यों के लिए उनकी समझ को बेहतर बनाने के उद्देश्य से माध्यमिक शिक्षा विभाग ने दोनों ही जगह प्रयोगशाला बनवाने का प्रस्ताव भेजा था, जिसे स्वीकृति मिल गई है। प्रयोगशाला के बन जाने से विज्ञान वर्ग के विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिलेगी।
प्रत्येक प्रयोगशाला के निर्माण पर व्यय होंगे 14.50 लाख
पनियरा व फरेंदा में बनने वाले प्रत्येक प्रयोगशाला के निर्माण पर कुल 14.50 लाख रुपये व्यय होंगे। पनियरा में एक प्रयोगशाला बनाने पर 14.50 लाख तथा फरेंदा में तीन प्रयोगशाला बनाने पर 43.50 लाख रुपये व्यय किए जाएंगे।
प्रयोगशाला निर्माण के लिए 50 प्रतिशत धनराशि भी जारी हो गई है। इसके बन जाने से जहां विद्यार्थियों में प्रायोगिक गतिविधियां संबंधी समझ बेहतर होगी, वहीं परीक्षा में उनका प्रदर्शन और बेहतर होगा।
अशोक कुमार सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक