कोरोनारोधी वैक्सीन लगवाने के लिए खुद भी कर सकते हैं रजिस्ट्रेशन
को-विन पोर्टल और आरोग्य सेतु एप पर जाकर मांगी गई जानकारी भरनी होगी
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जिले में 60 साल से अधिक उम्र और 45 वर्ष से अधिक उम्र के बीमार लोगों को कोरोनारोधी टीका लगाया जा रहा है। टीका लगवाने के लिए आरोग्य सेतु एप और को-विन पोर्टल पर खुद पंजीकरण कर सकते हैं। पंजीकरण न होने पर परेशान होने की जरूरत नहीं है। अस्पताल में भी पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध है। जिले में बुजुर्ग व गंभीर बीमार लोगों का 26 मार्च तक टीकाकरण होगा। नोडल अधिकारी डिप्टी सीएमओ डॉ. आईए अंसारी ने बताया कि टीकाकरण के लिए बुजुर्गों को कोरोनारोधी टीका लगवाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। आरोग्य सेतु एप व कोविन पोर्टल पर अब स्वयं भी वैक्सीन लगवाने के लिए रजिस्ट्रेशन किया जा सकता है।
बीमार लोगों को देना होगा प्रमाण पत्र
45 वर्ष तक के गंभीर बीमार लोगों को बीमारी होने का प्रमाण पत्र देना होगा। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी रजिस्ट्रेशन के समय इसके बारे में जरूरी जानकारी लेंगे। इसके बाद टीकाकरण हो सकेगा।
पहचान के लिए ये देना होंगे प्रपत्र
पंजीकरण कराते समय आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, मनरेगा जाबकार्ड, बैंक या फिर पोस्ट ऑफिस की पास बुक, पासपोर्ट, पेंशन प्रमाण पत्र आदि से कोई एक देकर पंजीकरण कराया जा सकता है।
--------
वैक्सीन लगवाने से पहले देना होगा विवरण
यदि पंजीकरण कराया है तो टीकाकरण कराने से पहले अस्पताल पहुंचकर मोबाइल पर आए पंजीयन नंबर का मैसेज दिखाएं, यदि मैसेज नहीं है तो पंजीयन काउंटर पर पंजीकरण कराएं, स्टाफ की ओर से मांगी गई जानकारी दें। इसके बाद एक कार्ड मिलेगा। जिस पर दूसरी डोज की तारीख दर्ज होगी।