बागापार। सदर तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा कटहरा टोला आनंदनगर में सोमवार को जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित हुई। इसमें कोहड़वल की टीम ने बागापार को कड़े मुकाबले में पराजित कर टूर्नामेंट जीत लिया। डे-नाइट कबड्डी प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से कुल 16 टीमों ने प्रतिभाग किया। फाइनल मुकाबला बागापार और कोहड़वल के बीच खेला गया, जिसमें दोनों टीमों में कांटे का मुकाबला खेला गया। इसमें कोहड़वल ने 24-16 से जीत दर्ज की।
दो सेट के मैच में कोहड़वल की टीम ने बागापार को 8 अंक से पराजित कर पुरस्कार पर कब्जा जमा लिया। कोहड़वल के खिलाड़ी बॉबी को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान कमलेश सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस मौके पर आयोजन समिति के अध्यक्ष शैलेश साहनी, जितेंद्र यादव, महेंद्र साहनी, विद्यासागर यादव, गोलू जायसवाल, सिकंदर, बृजेश सिंह, कमालुद्दीन, गोविंद चौधरी आदि मौजूद रहे।