खेल दिवस : याद किए गए मेजर ध्यानचंद, ताइक्वांडो व दौड़ में खिलाड़ियों ने दिखाई अपनी प्रतिभा
महराजगंज। खेल दिवस पर विविध आयोजनों के माध्यम से हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को याद किया गया। स्टेडियम में ताइक्वांडो व एथलीटों ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
बहुउद्देशीय क्रीड़ा हाल में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित ज्वाइंट मजिस्ट्रेट साईं तेजा सीलम ने कहा कि खेल के विकास के लिए प्रशिक्षक, संसाधन व प्रोत्साहन का होना जरुरी है। जिले में खेल प्रतिभा की कमी नहीं है। उन्हें नियमित रूप से मंच प्रदान किए जाने की आवश्यकता है। विशिष्ट अतिथि उप क्रीड़ाधिकारी धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि ताइक्वांडो खेल के प्रति खिलाड़ियों में उत्साह दिखना काफी सुखद है। अध्यक्षता करते हुए महराजगंज जिला ताइक्वांडो एसोसिएशन के अध्यक्ष शरदेंदु पांडेय ने कहा कि खेल व सुरक्षा दोनों ही क्षेत्र के लिए ताइक्वांडो खेल अत्यंत उपयुक्त है। संचालन करते हुए सचिव अभिषेक विश्वकर्मा ने कहा कि खेल दिवस पर खिलाड़ी ईमानदारी पूर्वक खेल को जारी रखने तथा जिले का नाम राज्य स्तर पर ऊंचा करने की शपथ लें। आयोजकों ने अतिथियों को स्मृतिचिह्न भी प्रदान किया। इस दौरान एमके शर्मा, प्रशिक्षक कुंदन राय, राहुल राय, महेश राजभर, सुदामा, देवेंद्र उपाध्याय, एसएस पाठक, सुमन सिंह, अजीत, अजय, विशाल, रिजवान समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
1600 मीटर दौड़ में मनीष वर्मा अव्वल
खेल कार्यालय द्वारा आयोजित 1600 मीटर बालक वर्ग की दौड़ प्रतियोगिता में कुल 63 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। इसमें से मनीष वर्मा ने पहला, दीपचंद यादव ने दूसरा, अखिलेश यादव ने तीसरा, चंदन विश्वकर्मा ने चौथा तथा नागेंद्र राय ने पांचवा स्थान प्राप्त किया। इससे पूर्व सभी खिलाड़ियों ने हॉकी के जादूगर के मेजर ध्यानचंद के चित्र पर पुष्प अर्पित किया। उप क्रीड़ाधिकारी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि मौसम खराब होने की वजह से हॉकी का मुकाबला नहीं हुआ, उसे बाद मेें कराया जाएगा।
ताइक्वांडो में इन खिलाड़ियों ने मारी बाजी
स्वर्ण पदक विजेता- सब जूनियर बालक वर्ग में मोहम्मद फैज, आयुष प्रताप, सौरभ भारती, आयुष यादव, विशेष विश्वकर्मा, अभय गुप्ता, अक्षांश जायसवाल व मिथिलेश विश्वकर्मा।
बालिका वर्ग में आर्या त्रिपाठी, हर्षिता प्रजापति, नित्या सिंघानिया व आयुषी पांडेय।
रजत पदक विजेता-- मोहम्मद सैफ, अथर्व तिवारी, पवन कुमार यादव, काविश केडिया व तन्मय प्रजापति।
कांस्य पदक विजेता--- शिवम गुप्ता व आरुष जायसवाल।