बिना मान्यता के स्कूल चलाने वालों पर लगेगा जुर्माना
एक लाख रुपये तक जुर्माना लगाने का है प्रावधान
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जिले में बिना मान्यता संचालित होने वाले निजी विद्यालयों की मुश्किलें बढ़ेंगी। विभागीय जिम्मेदारों की जांच में बिना मान्यता संचालित मिले विद्यालयों पर एक लाख रुपये का जुुुर्माना लगेगा।
यही नहीं, यदि जुर्माना लगने के बाद भी किसी ने कक्षा का संचालन किया तो उसे प्रतिदिन 10 हजार रुपये की दर से अर्थदंड देना होगा।
जिले में बड़ी संख्या में निजी विद्यालय संचालित हैं। इसमें कई ऐसे हैं, जिनके पास पूरी मान्यता नहीं है, फिर भी वे अपने निजी व्यवस्थाओं से उच्च स्तर की कक्षाओं का संचालन करा रहे हैं। विभागीय जिम्मेदारों ने ऐसे विद्यालयों के संचालकों को निर्देशित किया है कि वे बिना मान्यता कक्षाओं को संचालित न करें, जांच में ऐसा पाए जाने पर संस्थान के विरुद्ध जुर्माने की कार्रवाई होगी।
प्रभारी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रवींद्र सिंह ने कहा कि विद्यालय के संचालक किसी भी दशा में बिना मान्यता कक्षाओं का संचालन न करें। जांच में यदि कहीं से ऐसा पाया गया तो संबंधितों की जवाबदेही सुनिश्चित करते हुए जुर्माना लगाया जाएगा।