परतावल। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत नटवा जंगल में अवैध मिट्टी खनन के विरुद्ध प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की। खनन विभाग की टीम ने छापेमारी कर बिना अनुमति व वैध प्रपत्रों के खनन कर रहे एक जेसीबी मशीन और एक टिप्पर को जब्त किया। यह कार्रवाई खनन अधिकारी अजीत कुमार के नेतृत्व में की गई।
मौके पर पकड़े गए वाहनों के चालकों से जब खनन से संबंधित दस्तावेज मांगे गए तो वे कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद दोनों वाहनों को श्यामदेउरवा थाना लाकर सीज कर दिया गया।
खनन अधिकारी अजीत कुमार ने बताया कि अवैध खनन एवं बिना वैध दस्तावेज के खनन करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।