महराजगंज। जवाहर नवोदय विद्यालय महराजगंज में कक्षा छह के दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा शनिवार को होगी। अगले सत्र के प्रवेश परीक्षा को लेकर समिति की ओर से तैयारी पूरी हो गई है। समिति की ओर से प्रवेश पत्र भी जारी कर दिए गए हैं। परीक्षा में हिस्सा लेने के लिए 5034 विद्यार्थियों ने आवेदन किया है।
परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र मिल चुके हैं। नवोदय विद्यालय की परीक्षा के लिए पंजीकृत विद्यार्थी अपना प्रवेशपत्र www.navodaya.gov.in से डाउनलोड कर सकते हैं। परीक्षा को लेकर जिले के कुल 13 केंद्रों में 5034 विद्यार्थियों की परीक्षा की व्यवस्था की गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक अमरनाथ राय ने बताया कि सभी केंद्रों पर व्यवस्था बेहतर है। सीसीटीवी कैमरे की नजर में परीक्षा होगी। परीक्षा सकुशल संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियाें को निर्देशित कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि महेश राम अशोक कुमार कन्या इंटर कॉलेज धानी बाजार, महराजगंज, एमपी पब्लिक हाईस्कूल आनंदनगर, मथुरानगर, महराजगंज, सरस्वती शिशु मंदिर इंटर काॅलेज नौतनवा, महराजगंज, जनता इंटर कॉलेज पुरंदरपुर, राजा रतनसेन स्मारक इंटर काॅलेज निचलौल, निर्मला इंटर काॅलेज मधुरानगर, सेंट जोसफ सीनियर सेकेन्ड्री स्कूल सिसवा बाजार, आलमाईटी पब्लिक इंटर काॅलेज बृजमनगंज, कार्मल इंटर काॅलेज धनेवा-धनेई, पं. दीनदयाल इंटर काॅलेज, डीएवी इंटर काॅलेज घुघली, राम कुमार इंटर काॅलेज पनियरा, पंचायत इंटर काॅलेज परतावल बाजार को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।